संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. अनिल सहरावत ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना भारत सरकार की एक प्रमुख कल्याणकारी योजना है, जिसके तहत देश के भूमिधारक किसानों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को छह हजार रुपये प्रतिवर्ष की सहायता दी जाती है, जो दो हजार की तीन समान किस्तों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से सीधे बैंक खातों में भेजी जाती है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने भूमि अभिलेख, आधार व बैंक विवरण अद्यतन रखें। साथ ही एग्री स्टैक पर फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य है, अन्यथा अगली किस्त नहीं मिल पाएगी।
उन्होंने बताया कि जिले में योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला नोडल अधिकारी सतीश कुमार को नियुक्त किया गया है। वहीं ब्लॉक फरीदाबाद के लिए विनीत कुमार और ब्लॉक बल्लभगढ़ के लिए अरुण सोलंकी नोडल अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं, ताकि किसानों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जा सके।
डॉ. सहरावत ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए लघु सचिवालय की छठी मंजिल पर कृषि विभाग में विशेष पीएम किसान विंडो स्थापित की गई है।