शराब पीने के दौरान हुए झगड़े में मारी थी चोट
घायल हालत में अस्पताल ले जाने की बजाय कमरे में बंद कर चले गए आरोपी
अपराध शाखा डीएलएफ टीम ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा थाना इलाके में ट्रांसपोर्टर नवल भड़ाना के सिर में चोट लगने से घायल होने पर दोस्तों ने उसका इलाज नहीं कराया। घायल हालत में अस्पताल ले जाने की बजाय दोस्त उसे मकान में ले गए और वहां कमरे में बंद कर भाग गए।
दोस्त यदि समय पर इलाज करा देते तो नवल की जान बच सकती थी। दोस्तों के बीच शराब पीने के दौरान झगड़ा हुआ था। सराय ख्वाजा थाना इलाके में सोमवार सुबह योगेंद्र के किराये के मकान में घायल हालत में नवल मिला था। परिवार वाले उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए तो मौत हो गई। मृतक की पत्नी सविता के बयान पर सराय ख्वाजा थाना में हत्या की एफआईआर दर्ज की गई। मामले में कार्रवाई करते हुए मंगलवार को अपराध शाखा डीएलएफ की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के नाम सराय इलाके के रहने वाले अभिजीत कुमार झा और योगेंद्र के तौर पर हुई। इन्हें जैतपुर मोड बदरपुर बॉर्डर से काबू किया गया।
आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि अभिजीत व योगेन्द्र उर्फ गोलू रविवार को वारदात के दिन अपने अन्य साथी व मृतक नवल के साथ सराय ख्वाजा स्थित पार्क में बैठकर शराब पी रहे थे। वहां पर उनका आपस में झगड़ा हो गया तो अभिजीत वहां से हाथापाई कर भाग गया। उसके पीछे योगेंद्र यादव उर्फ योगी, योगेंद्र उर्फ गोलू व नवल गये तो अभिजीत ने नवल के सिर पर अपने हाथ में पहने हुए कड़े से हमला कर दिया। इससे नवल घायल हो गया। इसके बाद घायल नवल को योगेंद्र यादव उर्फ योगी अपने साथी योगेंद्र उर्फ गोलू व विक्की के साथ अपने किराये के मकान में ले गया और घायल नवल को एक कमरे में बंद कर वहां से चले गये। बाद में नवल की मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया दोनों आरोपियों से टीम पूछताछ कर रही है। वहीं मंगलवार को मोर्चरी पर पहुंचे नवल के परिचितों व दोस्तों ने पुलिस के समक्ष जमकर विरोध जताया। इन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग रखी। लगभग एक घंटे तक हंगामा चलता रहा। पुलिस ने उन्हें समझाया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।