अटल ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में मंत्री और विधायक रहे मौजूद
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि आज का दिन प्रदेश और देश के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को झंडी दिखाकर रवाना कर एक नए युग की शुरुआत की है। यह हरित ऊर्जा की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। इस अवसर पर बल्लभगढ़ स्थित अटल ऑडिटोरियम में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कृष्ण पाल गुर्जर और मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम में बल्लभगढ़ विधायक मूलचंद शर्मा, बड़खल विधायक धनेश अदलखा, एनआईटी विधायक सतीश फागना, महापौर प्रवीण जोशी ने भी शिरकत की।
कार्यक्रम में मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि हाइड्रोजन आधारित परिवहन भविष्य की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने हरियाणा में करीब 14,700 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास कर प्रदेश के विकास को नई गति दी है। कार्यक्रम में निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा, उपायुक्त आयुष सिन्हा, एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड भी वितरित किए
कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि हाइड्रोजन ट्रेन केवल नई रेल सेवा नहीं, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा, आधुनिक तकनीक और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में ऐतिहासिक पहल है। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के चार लाभार्थियों को उनके आवास की चाबी और हरियाणा रोडवेज की ओर से पांच लाभार्थियों को हैप्पी कार्ड भी वितरित किए गए।