फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रेमी के साथ मिलकर बेडरूम में की थी पति की हत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
फरीदाबाद। सेक्टर-91 स्थित सूर्या विहार में रहने वाले 30 वर्षीय रजत वशिष्ठ उर्फ शैंकी ने तीन माह पहले जिस युवती के साथ जीवन भर साथ रहने के लिए सात फेरे लिए, उसी ने उसकी हत्या की साजिश रच डाली। अलका पुत्री राजेंद्र निवासी गोठड़ा बागपत ने अपने गांव के रहने वाले प्रेमी नरेंद्र के साथ मिलकर 8 सितंबर को अपने बेडरूम में ही वारदात को अंजाम दिया था। इससे पहले योजनाबद्ध तरीके से परिवार के लोगों को रात के खाने में नशे की गोली मिलाकर खिला दी थी। इसके बाद प्रेमी के साथ मिलकर धारदार हथियार से पति की गर्दन रेत दी। नरेंद्र शव को अपनी कार में डालकर बागपत ले गया और वहां एक नाले में फेंक दिया। फरीदाबाद पुलिस ने शुक्रवार को बागपत से शव बरामद कर नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अलका फरार है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।
विज्ञापन

पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने बताया कि शैंकी की हत्या 8 सितंबर को उसकी पत्नी अलका व प्रेमी नरेंद्र ने मिलकर धारदार हथियार से कर दी थी। इसके बाद उसके शव को नरेंद्र अपनी स्विफ्ट कार के पिछली सीट पर कपड़े की गठरी की तरह बांधकर बागपत के खेकड़ा गांव ले गया। यहां हाईवे के किनारे एक नाले में शव को फेंक दिया। उधर सुबह परिवार के सभी लोगों को जगने के बाद रजत दिखाई नहीं दिया। उसके पिता करतार वशिष्ठ ने अलका से पूछा तो उसने जॉगिंग के लिए जाने की बात कही। शाम तक जब रजत वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 9 सितंबर को पल्ला थाना में रजत के भाई सचिन ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इस मामले को अपराध शाखा सेक्टर-85 को सौंप दिया गया।
पूछताछ में पत्नी अलका पर शक होने के कारण सर्विलांस टीम की मदद ली गई। 5 सितंबर की रात गोठड़ा गांव निवासी नरेंद्र की लोकेशन भी सूर्या विहार में मिली थी। इस पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो उसने रजत की पत्नी और अपनी प्रेमिका के अलका के साथ मिलकर हत्या की बात स्वीकार की। उसने पुलिस को बताया कि अलका ने परिवार वालों के खाने के साथ रजत के दूध में नशे की गोली मिला दी थी। घर के लोगों के सो जाने के बाद नरेंद्र को अपने बेडरूम में बुलाया, जहां धारदार हथियार से गले पर वार कर रजत को मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए कार में खेकड़ा गांव ले गया, जहां हाईवे के किनारे एक नाले में फेंक दिया। उसने बताया है कि अलका शादी से खुश नहीं थी। अलका व नरेंद्र एक दूसरे को प्रेम करते थे। दोनों स्कूल के समय से शादी करना चाहते थे। शादी के बाद भी कई बार नरेंद्र फरीदाबाद में भी उससे मिलने आया था। इसकी जानकारी उसके ससुराल वालों को नहीं थी। नरेंद्र के पकड़े जाने के बाद अलका फरार हो गई है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें