हरियाणा के फरीदाबाद जिले के थाना पल्ला क्षेत्र की पंचशील कॉलोनी में 25 जून को हुई महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को बुधवार को वृंदावन से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान अमित निवासी न्यू प्रियंका कैंप, मदनपुर (दिल्ली) हाल निवासी पंचशील कॉलोनी के रूप में हुई है।
पहले बच्चे के आने का था इंतजार, उत्साहित था पूरा परिवार
छह माह की गर्भवती नेहा की हत्या के मामले में आरोपी पति अमित गुप्ता पर पहले चुन्नी से गला दबाने और बाद में पानी से भरी बाल्टी में सिर डुबोकर हत्या करने का आरोप है। वारदात के बाद आरोपी अपने चाचा को फोन कर घटना की जानकारी देने के बाद भाग गया। पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
परिजनों के अनुसार, नेहा छह माह की गर्भवती थी और परिवार में पहले बच्चे के आने को लेकर सभी उत्साहित थे। नेहा और अमित की शादी 30 अप्रैल 2025 को हुई थी। शादी के बाद दोनों अपने भविष्य की योजनाएं बना रहे थे। परिजनों का कहना है कि आने वाले बच्चे को लेकर नेहा काफी खुश रहती थी और अक्सर परिवार से इस बारे में बातचीत करती थी।
बताया गया है कि दंपती ने करीब एक माह पहले ही पंचशील कॉलोनी स्थित अपने नए मकान में गृह प्रवेश किया था। परिवार को उम्मीद थी कि नए घर में उनका जीवन बेहतर तरीके से आगे बढ़ेगा। गृह प्रवेश के बाद रिश्तेदारों और परिचितों का आना-जाना भी लगा हुआ था। इसी बीच हुई घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।
हत्या के बाद चाचा से बोला- आगे क्या करना है, वह देख लें
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद अमित ने बदरपुर बॉर्डर के पास अलीपुर गांव में रहने वाले अपने चाचा को फोन किया। आरोप है कि उसने फोन पर कहा कि पत्नी की हत्या कर दी है और अब आगे क्या करना है, वह देख लें। इसके बाद आरोपी घर छोड़कर भाग गया। उसका मोबाइल फोन भी बंद बताया जा रहा है।