फरीदाबाद। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की ओर से राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित सेक्टर 20ए में अवैध कब्जों पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई। तोड़फोड़ दस्ते ने यहां 10 एकड़ जमीन पर अवैध झुग्गियों को ढहा दिया। इस दौरान अवैध कई पक्के मकान भी तोड़े गए।
एचएसवीपी अधिकारियों ने बताया कि इस जमीन को प्राधिकरण कई साल पहले अधिग्रहण कर चुका है। इसके बाद यहां धीरे धीरे कब्जा होना शुरू हो गया था। समय रहते अधिकारियों ने कार्रवाई नहीं की। इस वजह से यहां पड़ी खाली जमीन पर काफी अवैध निर्माण बन गए हैं। कब्जे से संबंधित मामले में एक शपथ पत्र सुप्रीम कोर्ट में जमा करना है। इसलिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तोड़फोड़ की। इस दौरान 100 से अधिक पक्के मकान भी ढहा दिए गए। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के प्रशासक प्रदीप दहिया और संविदा अधिकारी परमजीत चहल ने तोड़फोड़ दस्ते की निगरानी की। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जों को लेकर विभाग काफी सख्त है। इसी के तहत यह तोड़फोड़ की कार्रवाई की गई है।