बल्लभगढ़ आर्य नगर में पुलिस ने पकड़ा नकली काट्रेज ।
- फोटो : Faridabad
बल्लभगढ़। थाना शहर बल्लभगढ़ पुलिस ने आर्य नगर में एचपी कंपनी के नाम पर नकली कार्टेज बनाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी किराए पर मकान लेकर उसमें यह कारोबार कर रहा था। पुलिस ने मौके से करीब 47 बोरे नकली कार्टेज, स्टीकर, पैकिंग बॉक्स आदि बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि एचपी कंपनी के प्रबंधक खुशवंत सिंह ने शिकायत दी थी कि उनकी कंपनी की नकली कार्टेज बाजार में बिक रही है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच की तो पता चला कि मार्केट में यह सारा माल शिव विहार, दिल्ली निवासी राकेश सप्लाई कर रहा है। पुलिस ने उसे धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि उसने आर्य नगर में एक मकान किराए पर ले रखा है और वहीं से सारा माल सप्लाई करता है।
इस पर पुलिस ने आर्य नगर स्थित मकान में छापा मारा तो वहां नकली कार्टेज सहित काफी मात्रा में सामान बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से करीब 47 बोरे नकली कार्टेज, एचपी के नकली स्टीकर, पैकिंग बॉक्स आदि सामान बरामद किया। आरोपी ने बताया कि वह दिल्ली की लोकल मार्केट से सामान लाकर यहां उन्हें पैक करता था और फिर बाजार में सप्लाई कर देता था। पुलिस ने राकेश के खिलाफ कॉपी राइट एक्ट ने तहत मामला दर्ज कर उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जमानत मिल गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।