- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे फरीदाबाद से रवाना, पलवल में खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम करेंगे स्वागत
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल । सिख समुदाय की आस्था और श्रद्धा का प्रतीक चरण सुहावे गुरु चरण यात्रा पवित्र जोड़ा साहिब शुक्रवार को दोपहर पलवल जिले की सीमा में प्रवेश करेगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इस यात्रा को फरीदाबाद से पलवल की ओर रवाना करेंगे। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बताया कि यात्रा दोपहर करीब एक बजे गदपुरी के रास्ते जिले में प्रवेश करेगी, जहां प्रशासन और स्थानीय लोग इसका भव्य स्वागत करेंगे।
यह यात्रा सिखों के दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह महाराज और माता साहिब कौर के पवित्र जोड़ों को लेकर दिल्ली से शुरू हुई है और एक नवंबर को गुरु जी के जन्मस्थान तख्त श्री हरमंदिर जी पटना साहिब में जाकर संपन्न होगी। यात्रा का रात्रि विश्राम गुरुवार को फरीदाबाद में रहेगा, जिसके बाद यह पलवल, आगरा, बरेली, महगापुर, लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज और सासाराम होते हुए पटना पहुंचेगी। डॉ. वशिष्ठ ने बताया कि पलवल शहर में श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा सेक्टर-2 में हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम यात्रा का स्वागत करेंगे। इसके बाद यात्रा को होडल विधानसभा क्षेत्र की ओर रवाना किया जाएगा, जहां विधायक हरिंद्र सिंह इसका अभिनंदन करेंगे। उपायुक्त ने कहा कि यह जिला पलवल के लिए गर्व की बात है कि यह ऐतिहासिक यात्रा यहां से होकर गुजर रही है। उन्होंने सभी धर्मों के लोगों से अपील की कि वे गुरु चरणों के दर्शन अवश्य करें।