शराब पीकर पत्नी के सिर पर मारा हथौड़ा, मौत
- एनआईटी के गांधी कॉलोनी का मामला, आरोपी गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शराब पीने का विरोध जताने पर पति ने अपनी पत्नी के सिर पर हथौड़ा से हमला कर उसे घायल कर दिया। जिसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामला एनआईटी थाना के गांधी कॉलोनी का है। आरोपी के खिलाफ महिला के पिता ने एनआईटी थाने में मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
मूलरूप से पलवल के रायदासका के रहने वाले गोविंद ने एनआईटी पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उन्होंने अपनी बेटी ममता की शादी 2009 में गांधी कॉलोनी के सी-ब्लॉक में रहने वाले नीरज पुत्र करन के साथ की थी। गोविंद का आरोप है कि उसका दामाद नीरज शराब पीने का आदी है। इसी बात को लेकर दोनों पति-पत्नी के बीच लड़ाई होती थी। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच लड़ाई हुई थी। नीरज लॉकडाउन के दौरान भी संतनगर से शराब पीकर आ गया था। ममता ने विरोध जताया तो आरोपी ने उसके सिर पर हथौड़ा से हमला कर दिया।
इस दौरान इनके तीनों बच्चे सो रहे थे। नीरज के हमले से ममता बेहोश होकर गिर गई। आसपास के लोग शोरगुल सुनकर पहुंचे तो बेसुध पड़ी ममता को बीके सिविल अस्पताल में पहुंचाया व उसके मायके वालों को सूचना दी। इधर बीके सिविल अस्पताल से ममता को सफदरजंग रेफर कर दिया। परिजन उसे एक निजी अस्पताल में लेकर चले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी एसआई राजेश कुमार ने बताया कि पुलिस ने आरोपी नीरज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।