- अपराध शाखा सेक्टर-85 और सेंट्रल की संयुक्त कार्रवाई, बदमाश ने पुलिस पर की 4 राउंड फायरिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। पुलिस ने बृहस्पतिवार तड़के मुठभेड़ में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर सोनू उर्फ भिखारी शाह को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी घरों में सेंधमारी और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित था। आरोपी ने अपराध शाखा और सेंट्रल की टीम पर चार राउंड फायरिंग की। एक गोली पीएसआई दीपक लोहान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में सोनू के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।
अपराध शाखा सेक्टर-85 और अपराध शाखा सेंट्रल की संयुक्त टीम को सूचना मिली थी कि सोनू अवैध हथियार के साथ आईएमटी क्षेत्र से मच्छगर होते हुए नोएडा की ओर जा रहा था। पुलिस ने अमूल फैक्टरी से मच्छगर जाने वाले रास्ते पर नाकाबंदी की। करीब तीन बजे एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। इस दौरान उसकी बाइक फिसल गई, लेकिन आरोपी ने उठते ही पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने चार राउंड गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली पीएसआई दीपक लोहान की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। अपराध-2 के एसीपी वरुण कुमार दहिया ने बताया कि आरोपी को आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई, लेकिन उसने फायरिंग की। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल, मोबाइल फोन, आधार कार्ड, नकदी और एक बाइक बरामद की है। घटनास्थल से कई खाली कारतूस भी मिले हैं, जिनकी जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है।
28 मामलों में है आरोपी
पूछताछ में आरोपी की पहचान सोनू उर्फ भिखारी शाह निवासी सीतामढ़ी (बिहार) और हाल निवासी संगम विहार दिल्ली के रूप में हुई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ नोएडा में गैंगस्टर एक्ट, हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट, चोरी और लूटपाट समेत 28 आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह थाना पल्ला क्षेत्र में हुई 3 से 4 सेंधमारी की वारदातों में भी वांछित था। फिलहाल आरोपी का उपचार बीके अस्पताल में चल रहा है। थाना सदर बल्लभगढ़ में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत नया मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।