फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हाईटेंशन लाइन 15 दिन में हटेगी, बीके अस्पताल को बनाया जाएगा रेफर मुक्त : आरती राव

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन


जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में 15 में से 12 परिवादों का मौके पर निस्तारण



अमर उजाला ब्यूरो

फरीदाबाद। जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक सोमवार को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के सेक्टर-12 स्थित सम्मेलन केंद्र में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने की। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 15 परिवाद रखे गए, जिनमें से 12 का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। वहीं, तीन मामलों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देशों के साथ अगली बैठक तक लंबित रखा गया।

बैठक में सबसे पहले मोठूका गांव में हाईटेंशन बिजली लाइन से दुर्घटना की आशंका का मामला उठा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। इस पर मंत्री ने निर्देश दिए कि लाइन शिफ्टिंग का कार्य जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। इसके साथ ही कार्य पूरा होने के बाद रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए। ग्रामीण क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइनों से दुर्घटनाओं की आशंका संबंधी शिकायत पर बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि आवश्यक राशि जमा होने के बाद कार्य प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आगामी 15 दिनों के भीतर लाइन शिफ्टिंग का कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
विज्ञापन

स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी शिकायतों पर मंत्री ने कहा कि उन्हें पहले से ही बीके सिविल अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि अगले एक वर्ष तक वह स्वयं जिला कष्ट निवारण समिति की अध्यक्षता करेंगी और स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी करेंगी। उन्होंने दावा किया कि अगले एक वर्ष में बीके अस्पताल को रेफर-मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे।


बिजली बिल विवाद की जांच के लिए समिति गठित

बैठक के दौरान सेहतपुर सूर्या विहार के एक शिकायतकर्ता ने बिजली बिलों में त्रुटि, पूर्व में किए गए भुगतान का रिकॉर्ड उपलब्ध न होने तथा मीटर हटाए जाने संबंधी शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंत्री आरती राव ने अतिरिक्त उपायुक्त एवं ग्रीवेंस कमेटी के सदस्यों की समिति गठित कर निष्पक्ष जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समिति विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करे। इसके साथ ही नियमानुसार एवं समयबद्ध तरीके से शिकायत का समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण कर सोतई मार्ग पर जलभराव करें खत्म

सेक्टर-21डी की जर्जर सड़कें, सीवर, जलभराव, अवैध निर्माण और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं वार्ड नंबर 44 में साहूपुरा से सोतई मार्ग पर जलभराव और टूटी सड़क की शिकायत पर संयुक्त आयुक्त, कार्यकारी अभियंता और समिति के एक सदस्य को संयुक्त निरीक्षण कर स्थायी समाधान तैयार करने के निर्देश दिए गए। यह मामला अगली बैठक तक लंबित रखा गया।

निगम के तोड़फोड़ दस्ते की कार्यशैली पर जताई नाराजगी

बैठक में नगर निगम के तोड़फोड़ दस्ते की कार्यशैली पर भी मंत्री ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि कार्रवाई में किसी प्रकार का भेदभाव स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को पिक एंड चूज की नीति छोड़कर निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अचीवर कॉलोनी में पेयजल संकट का मुद्दा भी बैठक में उठा। बड़खल विधायक धनेश अदलखा ने एफएमडीए अधिकारियों पर निजी कॉलोनियों से मिलीभगत कर पानी की आपूर्ति करने का आरोप लगाया। इस पर मंत्री ने संबंधित विभाग को मामले की जांच कर तथ्यात्मक रिपोर्ट प्रस्तुत करने और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
विज्ञापन


विद्यालय में बाउंड्री वॉल, गेट एवं अन्य कार्य डी प्लान में कराएं


बैठक में घुड़ासन गांव के विद्यालय परिसर की जर्जर बाउंड्री वॉल, मुख्य प्रवेश द्वार और अन्य आधारभूत सुविधाओं के अभाव का मामला भी उठाया गया। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपायुक्त की डी-प्लान योजना के अंतर्गत आवश्यक स्वीकृतियां लेकर विद्यालय की बाउंड्री वॉल, मुख्य गेट एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराए जाएं।







विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें