संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में तापमान सामान्य रहने के बावजूद बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सोमवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हवा में 81 प्रतिशत आर्द्रता के कारण दिनभर भीषण गर्मी का एहसास होता रहा। लोग घरों से बाहर निकलते ही पसीने से तरबतर हो गए।
सुबह तेज धूप खिली रही, लेकिन दोपहर करीब एक बजे आसमान में काले बादल छा गए और तेज हवा चली। हालांकि हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को इससे राहत नहीं मिली। देर शाम तक बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। अधिक आर्द्रता के चलते पंखे और कूलर भी बेअसर साबित हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि केवल एयर कंडीशनर की ठंडी हवा में ही राहत मिल रही है। हालांकि लगातार एसी चलाने से बिजली बिल बढ़ने की चिंता भी सता रही है। मौसम में नमी और उमस को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, ताजा भोजन करने और खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से बचने की सलाह दे रहे हैं। उनका कहना है कि उमस के मौसम में लापरवाही से डिहाइड्रेशन और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।