फरीदाबाद। बल्लभगढ़ और फरीदाबाद क्षेत्र में मंगलवार को बिजली से संबंधित शिकायतों के निवारण के लिए उपभोक्ता शिकायत निवारण न्यायाधिकरण और बिजली अदालत का आयोजन किया जाएगा। जानकारी के अनुसार परिचालन मंडल सेक्टर-23 फरीदाबाद में दोपहर 12 बजे, सेक्टर-15ए में सुबह 11 बजे, सेक्टर-69 में सुबह 11 बजे तथा सेक्टर छह में सुबह 10:30 बजे से बिजली अदालत का आयोजन किया जाएगा। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओर से आयोजित इन अदालतों में उपभोक्ता समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। बिजली विभाग के अधीक्षक अभियंता जितेंद्र सिंह ढुल ने बताया कि इन बैठकों में गलत बिलिंग, मीटर रीडिंग में गड़बड़ी, नए या पुराने कनेक्शन से जुड़ी दिक्कतें, मीटर खराब होने और वोल्टेज से संबंधित शिकायतों को प्रमुखता से सुना जाएगा। उन्होंने बताया कि उपभोक्ताओं को अपनी शिकायत का पूरा विवरण सत्यापित फॉर्म के साथ प्रस्तुत करना होगा। संवाद