बृहस्पतिवार को वकीलों की हड़ताल के चलते नहीं हो सकी सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बांस रोड पाली से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान मामले में अब अगली सुनवाई 14 अक्तूबर को होगी। बृहस्पतिवार को जिला अदालत में वकीलों की हड़ताल के चलते केस की सुनवाई नहीं हो सकी। अदालत ने अगली तारीख तय कर दी है। अगली सुनवाई पर अब चार्ज फ्रेम की कार्रवाई हो सकती है।
संदिग्ध आतंकी अब्दुल रहमान (19) को 2 मार्च को बांस रोड पाली से पलवल एसटीएफ, गुजरात एटीएस की टीम ने काबू किया था। इसके पास से दो हैंड ग्रेनेड व डेटोनेटर मिले थे, जिन्हें निष्क्रिय किया गया। जांच में पता चला कि अब्दुल रहमान अलकायदा इन इंडियन सब-कांटिनेंट (एक्यूआईएस) के कुख्यात आतंकी अबू सूफियां के संपर्क में था। अबू सूफियां ने ही अपना हैंडलर भेजकर बांस रोड स्थित खेत के पास गड्ढा खुदवाकर जमीन में दो हैंडग्रेनेड के साथ ही डेटोनेटर भी छुपाए थे। अब्दुल रहमान को ये छुपाने के स्थान की लोकेशन दी गई थी, जिसके बाद आतंकी यहां पहुंचा और गड्ढे की मिट्टी हटाकर ये सामान वाला पैकेट उसने निकालकर अपने बैग में रख लिया था। अब्दुल रहमान को ये सामान लेकर 4 मार्च को वापस अयोध्या पहुंचना था लेकिन यहां की लोकेशन व आरोपी की फोटो मिलने पर उसे काबू कर लिया गया।