फरीदाबाद। राजीव कॉलोनी में सड़क किनारे लगे कूड़े के ढेरों से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कूड़े के समय पर न उठाने से न केवल आवागमन बाधित हो रहा है बल्कि आसपास का वातावरण भी प्रदूषित हो गया है।
स्थानीय निवासी लक्ष्मी का कहना है कि पिछले कई दिनों से सफाई व्यवस्था पूरी तरह से लचर बनी हुई है। नियमित कूड़ा उठाने की व्यवस्था न होने के कारण लोग मजबूरी में सड़कों पर कचरा फेंक रहे हैं, जो धीरे-धीरे बड़े ढेर में बदलता जा रहा है। इससे इलाके में बदबू फैल रही है और सांस लेना तक मुश्किल हो रहा है। लोगों को डर है कि इस स्थिति से डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।
विज्ञापन
दुकानदार रमेश का कहना है कि सड़क किनारे फैली गंदगी के कारण ग्राहकों का आना कम हो गया है, जिससे उनके व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है। लोगों ने बताया कि कई बार नगर निगम से शिकायत करने के बाद भी अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। दुकानदारों का आरोप है कि सफाई कर्मचारी समय पर नहीं आते और कई बार तो हफ्तों तक कूड़ा नहीं उठाया जाता। इस लापरवाही के कारण स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान किया जाए। अगर समय रहते कदम नहीं उठाया गया तो वे विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होंगे।