यात्रियों को आवाजाही में हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। न्यू टाउन रेलवे स्टेशन की बदहाली से यात्री परेशान हैं। स्टेशन परिसर में चारों ओर गंदगी फैली हुई है। प्लेटफॉर्म में गंदगी फैले रहने से यात्रियों को दुर्गंध का सामना करना पड़ रहा है। ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री गंदगी के बीच ही बैठने को मजबूर हैं।
स्टेशन पर पेयजल की व्यवस्था भी बेहद खराब है। कई वाटर कूलरों में पानी नहीं आ रहा, जबकि कुछ में पानी तो है लेकिन उसकी स्वच्छता पर सवाल उठ रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि स्टेशन पर पीने के लिए पर्याप्त और स्वच्छ पानी उपलब्ध नहीं है, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से जल्द सफाई और पानी की व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि रोजाना हजारों लोग इस स्टेशन से सफर करते हैं, लेकिन सुविधाओं का हाल बेहद खराब है।
यात्रियों से बातचीत
स्टेशन पर न तो बैठने की सही व्यवस्था है और न ही पीने को पर्याप्त व स्वच्छ पानी है। रेलवे प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए।-
चरण सिंह, यात्री
स्टेशन पर गंदगी फैली हुई है। ट्रेन देरी से पहुंचती है। ऐसे में हमें इसी गंदगी में बैठकर इंतजार करना पड़ता है। प्रशासन को यात्रियों की सुविधा के लिए व्यवस्थाओं में सुधार करना चाहिए। -
रजनी, यात्री