पेट दर्द और उल्टी-दस्त की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। त्योहारों पर घरों में बनी मिठाइयों और तरह-तरह के पकवानों का स्वाद अब कुछ लोगों की सेहत पर भारी पड़ रहा है। अधिक तला-भुना और भारी भोजन करने के बाद पेट दर्द, उल्टी, दस्त और अपच जैसी शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसी परेशानियों से जूझ रहे लोग उपचार के लिए बीके अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी पहुंच रहे हैं। खानपान में बदलाव और भोजन की अधिक मात्रा पाचन संबंधी दिक्कतों की वजह बनी हुई है।
त्योहारों के दौरान सामान्य दिनों के मुकाबले खानपान की दिनचर्या बदल जाती है। घरों में पूड़ी, कचौड़ी, मिठाइयां और अन्य पकवान बनाए जाते हैं। कई बार लोग स्वाद के चक्कर में जरूरत से ज्यादा खा लेते हैं। इसके अलावा बाहर का खाना और अनियमित समय पर भोजन करना भी परेशानी बढ़ा सकता है। पेट में भारीपन, गैस, दर्द, उल्टी और दस्त जैसी शिकायत बढ़ गई है।
बसंतपुर निवासी, आनंद ने बताया कि त्योहार के दौरान खानपान सामान्य दिनों से अलग रहा। इसके बाद पेट में गड़बड़ी और दर्द की शिकायत होने लगी। शुरुआत में सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज किया, लेकिन आराम नहीं मिलने पर अस्पताल पहुंचे। वहीं, एनआईटी-1 निवासी, गीता ने बताया कि त्योहार के दौरान घर में कई तरह के पकवान और मिठाइयां खाई थी। इसके बाद अगले दिन से ही पेट में दर्द और भारीपन महसूस होने लगा। परेशानी दूर नहीं हुई तो जांच के लिए अस्पताल आना पड़ा।
लोगों को खानपान में संतुलन रखना चाहिए। अधिक तला-भुना भोजन करने से बचें और साफ पानी व ताजा भोजन का सेवन करें। पेट दर्द, उल्टी या दस्त की शिकायत होने पर खुद से दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेना चाहिए। - डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी एवं बाल रोग विशेषज्ञ