तावडू। शहर के लखत चौक स्थित राजकीय उच्च मॉडल माध्यमिक विद्यालय में सेना पखवाड़ा के अंतर्गत बुधवार को दिव्यांग बच्चों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराना रहा। इस अवसर पर जिला अस्पताल मांडीखेड़ा से पहुंचे विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने दिव्यांग बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिविर में कुल 59 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। डॉक्टरों ने बच्चों की शारीरिक जांच के साथ-साथ आवश्यकतानुसार मानसिक दिव्यांग, श्रवण दिव्यांग, दृष्टि दिव्यांग और अस्थि रोग से पीड़ित बच्चों को उचित परामर्श दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विजय प्रतीक धनखड़ ने बताया कि इस प्रकार के शिविर बच्चों के स्वास्थ्य की दृष्टि से अत्यंत लाभकारी होते हैं।