-पुरानी सब्जी मंडी के पास था संचालित, महिला संचालक गिरफ्तार
-बड़ी संख्या में प्रतिबंधित व एक्सपायर दवाएं बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। शहर की पुरानी सब्जी मंडी के पास संचालित गुलशन जच्चा-बच्चा केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा किया है। कार्रवाई के दौरान केंद्र पर मौजूद महिला कर्मी से जब उसकी शैक्षणिक योग्यता और पंजीकरण से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह किसी भी प्रकार की वैध डिग्री या प्रमाणपत्र प्रस्तुत नहीं कर सकी। इसके बाद टीम ने केंद्र की गहन जांच की, जिसमें बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित व एक्सपायर दवाइयां बरामद हुईं।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही सभी संदिग्ध दवाइयों को सील कर अपने कब्जे में ले लिया। जांच में यह भी सामने आया कि केंद्र बिना किसी मान्यता और आवश्यक अनुमति के लंबे समय से संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से महिला आरोपी को गिरफ्तार कर मेडिकल एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। डिप्टी सीएमओ मनप्रीत सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्तचर विभाग से प्राप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस को साथ लेकर पुरानी सब्जी मंडी के पास संचालित गुलशन जच्चा बच्चा केंद्र पर छापेमारी की। मौके पर मिथलेश नाम की महिला मिली जिससे डिग्री मांगी गई तो वो किसी भी प्रकार की डिग्री नहीं दिखा पाई।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्र में चल रहे अवैध जच्चा-बच्चा केंद्रों का पहले ही सर्वे कर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा चुकी है। इसी रिपोर्ट के आधार पर चरणबद्ध तरीके से कार्रवाई की जा रही है। विभाग का स्पष्ट निर्देश है कि बिना मान्यता, बिना प्रशिक्षित डॉक्टर और आवश्यक संसाधनों के संचालित किसी भी केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा। स्वास्थ्य विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में क्षेत्र में ऐसे अवैध जच्चा-बच्चा केंद्रों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाएगा, ताकि जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
-
’’ डिप्टी सीएमओ की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है, जिसे कोर्ट में पेश करने की तैयारी की जा रही है।’’
राजेश कुमार, सिटी थाना प्रभारी पुन्हाना।