कार्यशाला में बच्चों को हरियाणवी नृत्य, लोक संगीत का दिया प्रशिक्षण अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग और शिक्षा विभाग की ओर से 12 से 21 जून तक ग्रीष्मकालीन कार्यशाला में बच्चों को हरियाणवी नृत्य, लोक संगीत, रंगमंच व चित्रकला से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। कार्यशाला में 6 वीं कक्षा से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग की रंगमंच अधिकारी तान्या जीएस चौहान ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान बच्चों में काफी उत्साह देखने को मिला। डॉ. दीपिका रानी ने बताया कि आज की युवा पीढ़ी हरियाणा राज्य के लोक संगीत से अनभिज्ञ है। इन कार्यशालाओं के माध्यम से बच्चे लुप्त हो रहे लोक संगीत के प्रति जागरूक हुए। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, अजरौंदा, सेक्टर-15 फरीदाबाद की प्रधानाचार्य पूनम तनेजा ने बताया कि कार्यशाला में भाग लेने वाले विद्यार्थी ने विभिन्न कलाओं में स्वयं को निखारा है व हरियाणवी संस्कृति को भी अपने जीवन में संजीवन करने का कार्य किया है। प्रधानाचार्य ने कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग का धन्यवाद करते हुए कहा कि विभाग द्वारा इस प्रकार की कार्यशालाओं का आयोजन करना एक सराहनीय कदम है।