फरीदाबाद के प्रांजल गुप्ता ने किया शानदार प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। राजस्थान में चल रही स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया की राष्ट्रीय स्तरीय अंडर 14 क्रिकेट प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने लगातार दो मुकाबले जीतकर प्री क्वार्टर फाइनल में अपना स्थान पक्का कर लिया है। इन दोनों ही मुकाबलों में फरीदाबाद के प्रांजल गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन किया है। बता दें कि हरियाणा की टीम ने पहले मुकाबले में झारखंड को हराया इसके बाद दूसरे मुकाबले में मध्य प्रदेश को 70 रनों से मात दी।
फरीदाबाद के प्रांजल गुप्ता ने दोनों मुकाबलों को मिलाकर कुल पांच विकेट झटके हैं। मध्य प्रदेश के खिलाफ 15 ओवर के मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हरियाणा ने 162 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में बल्लेबाजी को आई मध्य प्रदेश की टीम सिर्फ 92 रन ही बना सकी। हरियाणा के लिए बल्लेबाजी करते हुए कियान ने 52 और यशनील ने 41 रनों की पारी खेली।
वहीं गेंदबाजी में अमोल को तीन विकेट मिले जबकि प्रांजल गुप्ता और आरव ने दो-दो विकेट हासिल किए। हरियाणा की ओर से 52 रनों की अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कियान को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बता दें कि हरियाणा की इस टीम में फरीदाबाद से प्रांजल और रेहान शामिल हैं।