युवा सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिलाध्यक्ष ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) द्वारा आगामी 17 जनवरी को मोहना अनाजमंडी में आयोजित किए जाने वाले युवा सम्मेलन की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी कड़ी में इनेलो के जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने सेक्टर-11 स्थित जिला इनेलो कार्यालय में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर सम्मेलन की तैयारियों की समीक्षा की तथा कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपीं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने कहा कि मोहना अनाजमंडी में होने वाले युवा सम्मेलन में न केवल फरीदाबाद बल्कि पूरे हरियाणा से बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ता उत्साह के साथ भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि सम्मेलन को युवा इनेलो के राष्ट्रीय प्रभारी करण सिंह चौटाला मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करेंगे।
लाम्बा ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। समाज की 36 बिरादरी आज सरकार की नीतियों से त्रस्त है। न तो विकास कार्य धरातल पर नजर आ रहे हैं और न ही आमजन को मूलभूत सुविधाएं मिल पा रही हैं। सरकार केवल कागजों में विकास दिखाकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का वास्तविक और संतुलित विकास इनेलो के शासनकाल में हुआ था। बैठक में युवा इनेलो के जिलाध्यक्ष बॉबी डागर, रोहित अत्री मोहना सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।