फरीदाबाद। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की ओर से रविवार को सेक्टर-11 स्थित जिला कार्यालय में युवा कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि युवा इनेलो नेता करण चौटाला और विशिष्ट अतिथि युवा प्रदेशाध्यक्ष भूपेंद्र राठी रहे। जिला अध्यक्ष रुपचंद लाम्बा ने दोनों अतिथियों का स्वागत किया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए करण चौटाला ने कहा कि कर्मठ और समर्पित कार्यकर्ता ही संगठन की असली ताकत होते हैं। युवाओं की पार्टी में अहम भूमिका है। युवा कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाएं तथा आमजन के बीच रहकर उनकी समस्याओं को समझें। उन्होंने युवाओं से एकजुटता, अनुशासन और मेहनत के साथ संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान बड़ी संख्या में नए लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली।