तिगांव । तिगांव खंड के ग्रामीण क्षेत्रों में मंगलवार को अचानक मौसम ने करवट ली और कई गांवों में ओलावृष्टि दर्ज की गई। चीरसी, कबूलपुर, अल्लीपुर, रायपुर, भेसरावली, सिडाक और अमीपुर सिडोला गांवों में दोपहर बाद ओले गिरने से लोगों को मौसम में बड़ा बदलाव महसूस हुआ।
ओलावृष्टि के साथ ही क्षेत्र में हल्की ठंडक बढ़ गई, जिससे दिनभर का तापमान नीचे आ गया। सुबह तक जहां मौसम सामान्य बना हुआ था, वहीं दोपहर बाद अचानक बादल छाने लगे और तेज हवाओं के साथ ओले गिरने लगे। इससे ग्रामीण इलाकों में कुछ देर के लिए जनजीवन भी प्रभावित हुआ।
मौसम में इस तरह के बदलाव से लोगों को एक बार फिर हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है। खासकर सुबह-शाम के समय ठंडक बढ़ने से सर्दी-जुकाम जैसी मौसमी समस्याएं बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्च के अंत में इस तरह की ओलावृष्टि असामान्य है, जिससे मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है।