पीड़ित का आरोप - चुनावी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से मारी टक्कर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव चांदपुर में पैदल जा रहे जिम संचालक को कार सवार ने टक्कर मार दी। हादसे में जिम संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। थाना छांयसा पुलिस ने कार चालक और उसके चाचा सरपंच के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव चांदपुर निवासी घायल रामअवतार ने बताया कि 14 जनवरी की शाम को करीब 4.30 बजे वह जिम से पैदल घर जा रहे थे। जब वह कुछ दूर पहुंचे, तभी गांव का रहने वाला गौरव कार लेकर पीछे से आया और उनको टक्कर मार दी। उनका आरोप है कि चुनावी रंजिश के चलते उनको जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी गई है। टक्कर लगने से वह कई फीट दूर जाकर गिरे और घायल हो गए। इसके बाद परिवार के लोग उनको उपचार के लिए निजी अस्पताल में ले गए। टक्कर मारने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पहले भी कर चुका है हमला
रामअवतार ने बताया कि उनके जिम के पार्टनर योगेश को भी कुछ दिन पहले चांदपुर पेट्रोल पंप के पास टक्कर मारने की कोशिश की गई थी। 12 दिसंबर को भी दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। उसका राजीनामा हो गया था। वहीं, पीड़ित ने 28 दिसंबर को भी जिम में आकर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।