संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-3 स्थित डीएवी शताब्दी महाविद्यालय में गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। वैदिक परंपरा के अनुसार आयोजित हवन समारोह में महाविद्यालय के शिक्षकों एवं गैर-शिक्षण कर्मचारियों ने पूर्ण श्रद्धा भाव के साथ आहुतियां दीं। साथ ही समस्त मानवता के कल्याण एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में प्रस्तुत शोध-पत्रों के संकलन का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शिक्षाविद प्रो. एसके सोपोरी अपनी पत्नी मीना सोपोरी के साथ उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में गुरु-शिष्य परंपरा, ज्ञान और संस्कारों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रेरित किया।
महाविद्यालय के कार्यकारी प्राचार्य डॉ. नरेंद्र कुमार ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल पुस्तकीय ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि वे जीवन को सही दिशा और दृष्टिकोण भी प्रदान करते हैं।