संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। बनियावाड़ा मोहल्ला स्थित अरिहंत ट्रेडिंग कंपनी के गोदाम पर मंगलवार को जीएसटी विभाग और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। जानकारी के अनुसार छापेमारी के दौरान गोदाम के दस्तावेजों और स्टॉक की जांच की गई। टीम की ओर से कार्रवाई देर शाम तक जारी रही। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह कंपनी गुटखा और तंबाकू उत्पादों का कारोबार करती है। सीएम फ्लाइंग की ओर से अधिकारी सतबीर कटारिया ने छापेमारी की पुष्टि करते हुए बताया कि टीम की ओर से जांच की जा रही है और आवश्यक दस्तावेजों का मिलान किया जा रहा है। टीम ने गोदाम में रखे माल, बिलों और अन्य रिकॉर्ड को खंगाला। टीम को कर चोरी और अनियमितताओं की शिकायतें मिली थीं, जिसके आधार पर यह कार्रवाई की गई। पुलिस बल की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई के दौरान इलाके में लोगों की भीड़ भी जुटी रही।