संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। फरीदाबाद पुलिस की साइबर सेल टीम ने तकनीकी सहायता से गुम हुए 149 मोबाइल फोन ढूंढ निकाले हैं। 7 अप्रैल को सहायक पुलिस आयुक्त, अपराध अमन यादव ने पुलिस लाइन फरीदाबाद में तलाश किए 149 मोबाइल फोन उनके असल मालिकों को वापस लौटाया है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार साइबर सेल फरीदाबाद की टीम ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा 149 मोबाइल फोन को ट्रेस करने का सराहनीय कार्य किया है। तलाश किए गए मोबाइल फोन को अमन यादव की ओर से उनके असल मालिकों के हवाले किया गया है। मोबाइल फोन वापिस प्राप्त होने पर लोगों ने फरीदाबाद पुलिस का धन्यवाद किया। फरीदाबाद पुलिस की ओर से पूर्व में भी गुम हुए मोबाइल फोन उनके मालिकों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने आगे बताया कि जब भी किसी का मोबाइल फोन गुम होता है तो https://www.ceir.gov.in/Home/index.jsp पर जरूर शिकायत करें ताकि गुमशुदा फोन को तलाश किया जा सके।