पलवल।
धान खरीद के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी मामले में सीआईए ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने दिल्ली के पीतमपुरा निवासी आरोपी आशु गंभीर को गिरफ्तार कर शनिवार को अदालत में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, शिकायतकर्ता काशीपुर गांव निवासी हरिकिशन की हसनपुर स्थित अनाज मंडी में हरे कृष्ण ट्रेडिंग कंपनी नामक फर्म है। उन्होंने बताया कि आरोपी आशु गंभीर, जो अंबाला स्थित करुणा निधान एग्रो टैंक प्रा. लि. का डायरेक्टर है, उनसे लगभग 85 टन धान खरीदा। कुल बकाया राशि करीब 29,95,100 रुपये थी, जिसमें आरोपी ने केवल 9,33,000 रुपये चुकाए और शेष 20,62,100 रुपये देने से इंकार कर दिया। जब व्यापारी अपनी रकम लेने पहुंचे, तो आरोपी ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी।
एसपी वरुण सिंगला के निर्देशानुसार मामले गंभीरता से लिया गया। सीआईए प्रभारी निरीक्षक रविंद्र कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कई धाराओं के तहत साक्ष्य जुटाए गए हैं। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से जुड़े अन्य सबूत और सहयोगी आरोपियों की जानकारी जुटाएगी। सीआईए ने स्पष्ट किया है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच पूरी तरह से तेज गति से जारी रहेगी।