पलवल। पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के आदेश की पालना और पक्की नियुक्ति की मांग को लेकर जिले के ग्रामीण सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर मांगों के समाधान की मांग की। यूनियन प्रधान जितेंद्र चौहान की अध्यक्षता में आयोजित प्रदर्शन का संचालन नरेश कुमार ने किया। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जितेंद्र तेवतिया और सचिव हरेंद्र देशवाल ने भी पहुंचकर कर्मचारियों का समर्थन किया। यूनियन नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार सफाई कार्य में ठेकाप्रथा को बढ़ावा दे रही है, जिससे कर्मचारियों का शोषण हो रहा है। उन्होंने बताया कि 8 दिसंबर 2025 को मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में मांगों पर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। 24 नवंबर को 26 हजार रुपये मासिक वेतन देने की घोषणा भी लागू नहीं की गई। संवाद