- पुलिस में दो आरोपियों को गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने फर्जी सिम कार्ड के जरिए न्यूड वीडियो बनाकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी वीडियो बनाकर खुद को यूट्यूब अधिकारी बताकर उसे वायरल करने की धमकी देते थे। वीडियो हटाने के नाम पर मोटी रकम वसूलते थे।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार आरोपियों की पहचान कामा (राजस्थान) के धर्मशाला गांव निवासी मुकीम तथा झेरा खेड़ा, नूंह निवासी सरफराज खान के रूप में हुई है। 2 मार्च को साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक नवीन कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल निखिल कुमार की टीम मेडिकल मोड़ पर गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने केएमपी पुल के नीचे घेराबंदी कर मुकीम को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से मोबाइल और फर्जी सिम कार्ड बरामद हुआ। एनसीआरपी पोर्टल पर जांच करने पर उसके खिलाफ पूर्व में भी शिकायत दर्ज मिली। पूछताछ के आधार पर सहआरोपी सरफराज खान को होडल-पुन्हाना रोड से गिरफ्तार किया गया। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा साल 2024 के एक मामले में मथुरा निवासी मनीष उर्फ कल्लण को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर अवैध हथियार के साथ पोज देने के मामले में गिरफ्तार किया गया।