डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के पूर्वी हिस्से में हरित पट्टी के विकास और सौंदर्यीकरण की योजना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में हरित क्षेत्र विकसित करने और सड़क किनारे की ग्रीन बेल्ट को बेहतर बनाने के लिए फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने एक और परियोजना शुरू की है। प्राधिकरण की ओर से सेक्टर-37 से सेक्टर-65 तक डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के पूर्वी हिस्से में स्थित ग्रीन बेल्ट के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण के लिए 14 करोड़ 81 लाख 52 हजार 422 रुपये का बजट मंजूर किया है। इसके लिए विभाग ने सोमवार को टेंडर जारी कर दिया है।
इस परियोजना के तहत हरित पट्टी को विकसित करने और उसका स्वरूप बेहतर बनाने से जुड़े कार्य कराए जाएंगे।
यह कार्य सेक्टर-37 से लेकर सेक्टर-65 तक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे के इंटरचेंज तक कराया जाएगा। परियोजना के तहत हरियाली बढ़ाने का कार्य डीएनडी-केएमपी एक्सप्रेसवे के पूर्वी हिस्से में करवाया जाना है।
ग्रीन बेल्ट के कायाकल्प और सौंदर्यीकरण का उद्देश्य सड़क के किनारे मौजूद हरित क्षेत्र को बेहतर बनाना है। परियोजना के पूरा होने से संबंधित हिस्से में हरियाली के विकास और रखरखाव से जुड़ी सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है। अगले माह तक हरियाली बढ़ाने वाली कंपनी के चयन की पूरी उम्मीद है। काम आवंटित होने के
270 दिन के अंदर यह कार्य पूरा करना होगा। विभाग के कार्यकारी अभियंता ओमदत्त ने बताया कि विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है। अगले माह तक कंपनी का चयन होने की उम्मीद है। इसके बाद यह कार्य शुरू हो जाएगा।