बृहस्पतिवार दोपहर को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर की हवा दमघोंटू होती जा रही है। लगातार बढ़ते प्रदूषण के स्तर ने शहरवासियों की चिंता बढ़ा दी है। दिल्ली एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस प्लान (ग्रेप) का पहला चरण लागू हो गया है। इसके बावजूद शहर में निर्माण कार्य चल रहा है। जिससे प्रदूषण के स्तर में इजाफा हो रहा है। फरीदाबाद में ग्रेप की पाबंदियों का असर कुछ खास नहीं दिखा। बृहस्पतिवार दोपहर को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया। हालांकि शाम होते-होते इसके स्तर में मामूली कमी देखने को मिली।
शहर को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला आगरा-मथुरा राष्ट्रीय राजमार्ग खोद दिया गया है। इसके अलावा ओल्ड फरीदाबाद में भी कई जगह निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे लगातार धूल उड़ रही है और प्रदूषण के स्तर में वृद्धि हो रही है। शहर में कई जगह होटल और रेहड़ी पटरी वाले कोयले की भट्टी का लगातार प्रयोग कर रहे हैं। इन पर काई होती नजर नहीं आई।
ग्रेप का पहला चरण लागू होने का जमीनी स्तर पर असर नहीं दिख रहा है। एनआईटी 5 स्थित कई ढाबों पर भट्टी का प्रयोग खुलेआम किया जा रहा है। ग्रेटर फरीदाबाद में कई जगह बड़े स्तर पर निर्माण कार्य चल रहा है। इसके अलावा बल्लभगढ़ के कई इलाकों में नियमों को अनदेखा कर रात में कूड़ा भी जलाया जा रहा है।
एक्यूआई में लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी
बल्लभगढ़ क्षेत्र के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) में लगातार दूसरे दिन बढ़ोतरी दर्ज की गई। बृहस्पतिवार दोपहर को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 300 के पार पहुंच गया। हालांकि शाम होते-होते इसके स्तर में मामूली कमी देखने को मिली। बृहस्पतिवार को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 296, जबकि फरीदाबाद का 112 दर्ज किया गया। फरीदाबाद क्षेत्र के एनआईटी का एक्यूआई 132, सेक्टर-11 का 118 और सेक्टर-30 का 99 रिकॉर्ड किया गया। हालांकि फरीदाबाद के सेक्टर 16 ए में स्थित एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग मशीन खराब होने के कारण प्रदूषण का डेटा नहीं मिल पा रहा है। इसके अलावा गाजियाबाद का एक्यूआई 307, नोएडा का 288, दिल्ली का 245 और गुरुग्राम का 220 रहा।
20 टीमें कर रही हैं निगरानी
शहर में बढ़ते प्रदूषण की निगरानी के लिए निगम ने 20 टीमों का गठन किया है। ये टीमें शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर काम कर रहीं हैं। टीम औद्योगिक क्षेत्रों पर कड़ी नजर रख रहीं है। निगम की ओर से सख्त आदेश जारी किए गए हैं कि कहीं भी कूड़ा जलता मिलता है तो कार्रवाई की जाएगी।
वर्जन
सेक्टर 16- ए की खराब प्रदूषण मापक मशीन को ठीक करवाने का काम किया जा रहा है। इससे संबंधित अपडेट जल्द ही जारी कर दी जाएगी। - सुनील सोरांग, लैब इंचार्ज, फरीदाबाद