बीवोक, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में ट्यूशन फीस माफ की जाएगी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के अंतर्गत संचालित कम्युनिटी कॉलेज ऑफ स्किल डेवलपमेंट (सीसीएसडी) ने ग्रामीण युवाओं को सशक्त बनाने के लिए ग्राम पंचायत छात्रवृत्ति योजना की शुरुआत की है। यह योजना शैक्षणिक सत्र 2025-26 के लिए लागू की गई है। योजना के तहत कॉलेज की ओर से संचालित बीवोक, डिप्लोमा और पीजी डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले पात्र युवाओं की प्रति कोर्स पर पांच छात्रों की शत-प्रतिशत ट्यूशन फीस माफ की जाएगी। इसके लिए संबंधित ग्राम पंचायत के सरपंच की सिफारिश अनिवार्य होगी।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सुशील कुमार तोमर ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह योजना ग्रामीण प्रतिभाओं को कौशल विकास के अधिक अवसर प्रदान करेगी और उनकी रोजगार क्षमता को बढ़ाएगी। कॉलेज के प्राचार्य प्रो. संजीव गोयल ने बताया कि यह योजना समावेशी शिक्षा की दिशा में अहम कदम है, जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को ध्यान में रखते हुए बनाई गई है।
इस योजना के तहत आवेदन करने के लिए छात्र के पास ईडब्ल्यूएस प्रमाण पत्र, परिवार पहचान पत्र और आय छह लाख रुपये से कम होनी चाहिए। इच्छुक युवा सभी दस्तावेजों के साथ कम्युनिटी कॉलेज में आवेदन कर सकते हैं।