फरीदाबाद। वैक्सीन की कमी के कारण शनिवार को जिले में सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण नहीं हो सका। केंद्र बंद होने से लोग पूरी तरह से निराश ही रहे। अनिवार्य रूप से टीकाकरण कराने वालों ने निजी अस्पतालों का रुख किया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सूचना के अनुसार सोमवार से सभी सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर सेशन आयोजित कर टीकाकरण किया जाएगा।
जिले में टीकाकरण लगातार प्रभावित हो रहा है। ऐसे में टीके की कमी आमजन को खल रही है। सप्ताह में सोमवार को 60 सेशन, मंगलवार को 39 सेशन लगाकर सरकारी स्तर पर टीकाकरण किया गया। बुधवार को एक सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर दोनों डोज लगाई गई। इसी तरह सात केंद्रों पर केवल दूसरी डोज लगाई गई।
बृहस्पतिवार को तीन सरकारी केंद्रों पर दोनों डोज लगाई गई। इस दौरान सात केंद्रों पर केवल दूसरी डोज लगाकर टीकाकरण पूरा कर लिया गया। वहीं, शुक्रवार को केवल एक सरकारी केंद्र पर दोनों डोज व सात केंद्रों पर दूसरी डोज लगाई गई। वैक्सीन की खेप न होने के कारण शनिवार को किसी सरकारी केंद्र पर टीकाकरण की सुविधा नहीं मिली। सभी टीकाकरण केंद्र इस दौरान बंद रखे गए।
वर्जन-
रविवार सुबह तक टीके की खेप मिलेगी। रविवार को टीका लगाने वाले कई स्वास्थ्य कर्मियों की एएनएम व जीएनएम स्तर की परीक्षा है। सोमवार से टीकाकरण रफ्तार पकड़ेगा। - डॉ. राजेश श्योकंद, नोडल अधिकारी टीकाकरण