बुढै़ना गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने भरा रहता है सीवर का पानी, परेशान होते हैं विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बुढै़ना गांव स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के सामने सीवर में छात्रा निकिता का पैर फंस गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। इसके बाद स्कूल के छात्र-छात्राओं व ग्रामीणों ने आक्रोशित होकर जनप्रतिनिधियों एवं नगर निगम अधिकारियों के खिलाफ प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों ने स्कूल के प्रवेश द्वार पर भी ताला जड़ दिया। लोगों ने जाम भी लगाया। उनका कहना था कि यहां सीवर ओवरफ्लो करने से स्थायी रूप से गंदा पानी एकत्रित रहता है। हंगामे के बाद स्कूल में चल रही मूल्यांकन की परीक्षा भी नहीं हो सकी। खंड शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा जल्द कराने का आश्वासन दिया है।
बुढ़ैना गांव में रहने वाली सातवीं कक्षा की छात्रा निकिता के पिता इंद्रजीत मंगलवार को उसे व उसके दोनों भाइयों प्रशांत और सनी को स्कूल के मुख्यद्वार पर छोड़कर काम पर चले गए। मुख्य सड़क पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने की वजह से सीवर का पानी ओवरफ्लो रहा है। निकिता, प्रशांत और सनी ने जूते उतारकर हाथ में पकड़ लिए और स्कूल जाने लगे। इसी बीच निकिता का पैर सीवर में फंस गया और वह गिर गई, जिसके कारण वह घायल हो गई। उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल लाया गया।
दो दिन में जलभराव की समस्या समाप्त करने का आश्वासन
घटना के बाद ग्रामीण और स्कूल के छात्र-छात्राओं ने विधायक नरेंद्र गुप्ता और नगर निगम के अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वह विधायक नरेंद्र गुप्ता को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए और बुढ़ैना गांव से बीपीटीपी पुल को जाने वाली मास्टर रोड पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पाकर खेड़ी पुल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसआई नरेश कुमार ने विद्यार्थियों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह सुनने को तैयार नहीं थे। वहीं, नगर निगम की ओर से आनन-फानन में ट्रैक्टर लगाकर सीवर का पानी निकालना शुरू कर दिया। करीब एक घंटा जाम लगा रहने के बाद नगर निगम के एसडीओ राजकुमार और जेई महेंद्र मौके पर पहुंचे। छात्रों एवं ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया। जेई महेंद्र ने छात्रों को आश्वासन दिया कि दो दिन में जलभराव की समस्या बिल्कुल समाप्त हो जाएगी। इसके अलावा एक मोटर स्थायी रूप से लगा दी जाएगी, जो एकत्र पानी को नाले में छोड़ने का काम करेगी। इसके बाद छात्रों ने प्रदर्शन समाप्त किया।
स्कूल की प्रधानाचार्य ने घटना की सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को दी। एसडीएम परजीत चहल व शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल के साथ मौके पर पहुंचे। ओवरफ्लो रहे सीवर का स्थायी समाधान निकालने का आश्वासन दिया, ताकि बच्चों को परेशानियों का सामना हीं करना पड़ा। इन बच्चों के लिए अलग से सेट बनाकर परीक्षा लेने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए जल्द ही तिथि निर्धारित की जाएगी।
-डाॅ.मनोज मित्तल, खंड शिक्षा अधिकारी