इलाज के लिए अस्पताल में कराया गया भर्ती
पुलिस को नहीं दी गई है अभी शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सारन थाना एरिया की जवाहर कॉलोनी के नैन चौक के पास एक युवती के सिर में ईंट मारकर घायल कर दिया गया। युवती का कहना है कि आरोपी युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी। लेकिन जब उसने विरोध जताया तो आरोपी ने ईंट मार दी। युवती को घायल हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में अभी पुलिस को शिकायत नहीं दी गई है।
ये मामला शनिवार दोपहर का है। युवती का कहना है कि वो अपने घर से कुछ काम से निकली थी। जवाहर कॉलोनी के नैन चौक के पास पहुंची तो 3-4 युवक उसका रास्ता रोककर खड़े हो गए। युवती ने जब विरोध जताया और रास्ता छोड़ने को कहा तो मनचलों ने गालियां दीं। तभी एक आरोपी ने सड़क किनारे से ईंट उठाकर युवती के सिर पर मार दी। जिससे युवती के सिर से खून निकलने लगा और वो जमीन पर गिर गई। हमले के बाद आरोपी वहां से भाग गए। युवती का कहना है कि अपने दोस्त संदीप को इस बारे में सूचना दी। तब संदीप वहां पहुंचा और युवती को घायल हालत में अस्पताल पहुंचाया। संदीप का कहना है कि आरोपी वहां दोबारा आए और पुलिस में शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दी। ईंट मारने का आरोपी विक्की नामक युवक पर लगाया गया है। युवती का कहना है कि 10 से अधिक अन्य युवक भी वहां खड़े थे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ऐसी कोई सूचना या शिकायत अभी नहीं मिली है। मामले का पता लगाया जा रहा है।