बैरिकेडिंग तक पहुंच रहे हैं कुछ वाहन चालक, यातायात व्यवस्था हो रही है प्रभावित
ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही है
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे आगरा कैनाल के साथ लगने वाले मार्ग का उपयोग करने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से ही आवागमन करें।
पुलिस उपायुक्त (यातायात) ने बताया कि कांवड़ यात्रा का मुख्य मार्ग आगरा कैनाल के किनारे निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और निर्बाध यात्रा सुनिश्चित करने के लिए दुर्गा बिल्डर से सोतई पुल तक आगरा कैनाल मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग और नाकाबंदी कर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। इसके बावजूद कुछ वाहन चालक बैरिकेडिंग तक पहुंच रहे हैं, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के कार्य में भी बाधा उत्पन्न हो रही है।
पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस मार्ग पर यात्रा करने से बचें और नहर पार करने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें। इसके तहत सेहतपुर जाने के लिए नया पल्ला पुल, पल्ला एवं तिलपत की ओर जाने के लिए पल्ला पुल तथा मवई, धीरज नगर एवं अन्य क्षेत्रों में जाने के लिए सेक्टर-28/29 पुल का उपयोग करने की सलाह दी गई है।
फरीदाबाद पुलिस ने कहा कि यह विशेष यातायात व्यवस्था शिवरात्रि तक प्रभावी रहेगी। नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, सहयोग बनाए रखें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने में अपनी भागीदारी निभाएं। पुलिस ने दोहराया कि आमजन की सेवा, सुरक्षा और सहयोग के लिए वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है।