स्कूल में आयोजित किया गया विशेष जागरूकता कार्यक्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा स्थित गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शारदीय नवरात्रों के अवसर पर छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अधिकारियों ने छात्राओं को आत्मविश्वास और सजगता के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। प्रधानाचार्य रविंद्र कुमार मनचंदा के प्रेरक मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में जूनियर रेड क्रॉस एवं सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की टीम ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम के दौरान दुर्गा शक्ति महिला पुलिस दल ने विद्यालय का दौरा किया और छात्राओं से संवाद स्थापित कर उनके अनुभवों और सुरक्षा संबंधी चिंताओं को जाना। छात्राओं ने अपने मार्गों और विद्यालय के आस-पास ऐसे क्षेत्रों के बारे में बताया जहां पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था न होने या असामाजिक तत्वों की उपस्थिति के कारण वे असुरक्षित महसूस करती हैं। महिला पुलिस अधिकारियों ने इन सुझावों को गंभीरता से लिया और भरोसा दिलाया कि शीघ्र आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी समस्या के समय वे तुरंत अपने माता-पिता, अध्यापक या पुलिस से संपर्क करें। इस पहल से छात्राओं में सुरक्षा को लेकर जागरूकता और आत्मबल दोनों का विकास हुआ।
कार्यक्रम में दीपांजली शर्मा, पीजीटी शारीरिक शिक्षा ने भी छात्राओं को प्रोत्साहित किया और कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल शिक्षा प्रदान करना नहीं बल्कि उन्हें सुरक्षित, आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बनाना है। प्रधानाचार्य ने महिला सुरक्षा को समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि विद्यालय और पुलिस प्रशासन के सहयोग से ही सुरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।