राज्य स्तरीय ताइक्वांडो में जिले ने जीते तीन पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पंचकूला में आयोजित राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने तीन पदक अपने नाम किए, जिनमें दो स्वर्ण और एक रजत पदक शामिल है। इनमें बालिका वर्ग में गौरी भाटी ने शानदार खेल दिखाते हुए 49 किग्रा भारवर्ग में स्वर्ण पदक पर कब्जा किया। वहीं, 55 किग्रा भारवर्ग में वंशिका यादव ने कड़े मुकाबले के बाद रजत पदक हासिल किया। फाइनल में वंशिका को पंचकूला की खिलाड़ी नीरज से हार का सामना करना पड़ा। वहीं बालक वर्ग के 48 किग्रा भारवर्ग में मोक्ष रावत ने दमदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। मोक्ष ने फाइनल मुकाबले में गुरुग्राम के आरव यादव को मात देकर खिताबी जीत हासिल की। बता दें कि मोक्ष इससे पहले उज्बेकिस्तान में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वहां उन्होंने शुरुआती दो मुकाबले जीते थे, लेकिन पदक से चूक गए थे। उनके कोच आनंद त्यागी का मानना है कि राज्य स्तर पर मिली यह बड़ी जीत आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए मोक्ष के आत्मविश्वास को और मजबूत करेगी। बता दें कि सभी खिलाड़ियों ने यूथ कैटेगरी में खेलते हुए यह पदक जीते हैं।