अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर में रसोई गैस सिलिंडरों की कमी के बीच कालाबाजारी और अवैध भंडारण की शिकायतें मिलने पर खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। विभाग की टीम ने अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर दो दिनों में 18 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गैस की किल्लत का फायदा उठाकर अधिक दाम पर सिलेंडर बेचने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य एवं आपूर्ति विभाग नियंत्रक कविता सिंह परिहार ने बताया कि शनिवार को विभाग की टीम ने डबुआ, पाली, पल्ला और अजरौंदा क्षेत्र में अभियान चलाया। जांच के दौरान कुछ दुकानों और घरों में घरेलू गैस सिलिंडरों का अवैध भंडारण मिला। टीम ने मौके से आठ सिलिंडर जब्त किए, जबकि पिछले दो दिनों में कुल 18 सिलिंडर कब्जे में लिए जा चुके हैं। अधिकारियों के अनुसार कई स्थानों पर सिलेंडरों को अधिक दाम पर बेचने की तैयारी की जा रही थी।
विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इन दिनों गैस की सप्लाई प्रभावित होने से बाजार में कृत्रिम कमी का माहौल बनाया जा रहा है। कुछ लोग घरेलू सिलिंडर का व्यावसायिक उपयोग कर रहे हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों को चेतावनी देने के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है।