क्षेत्र में फैला धुआं, लोगों को करना पड़ा परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
छांयसा। फरीदाबाद में इन दिनों प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बढ़ते प्रदूषण को लेकर प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जगह-जगह जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं और प्रदूषण फैलाने वालों पर कार्रवाई की बात भी कही जा रही है, लेकिन जमीनी हकीकत कहीं न कहीं इन दावों की पोल खोलती नजर आ रही है।
ताजा मामला फरीदाबाद के मोहना गांव स्थित शहीद वीरेंद्र सरकारी स्कूल के मुख्य गेट का है, जहां लंबे समय से कूड़े का ढेर जमा है। हैरानी की बात यह है कि इस कूड़े के ढेर में किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा आग लगा दी गई, जिससे पूरे इलाके में धुआं फैल गया। पहले से ही प्रदूषण की मार झेल रहे ग्रामीणों को अब इस धुएं के कारण सांस लेने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
गांव निवासी पंकज अत्री ने बताया कि स्कूल के मुख्य गेट पर हमेशा कूड़े का ढेर लगा रहता है। कई बार इसकी शिकायत ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों से की गई, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। उन्होंने कहा कि जब प्रदूषण अपने चरम पर है, ऐसे समय में कूड़े में आग लगना बेहद खतरनाक है। धुएं की वजह से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।