निजी अस्पताल के आईसीयू में चल रहा है इलाजए हालत बेहतर होने पर पुलिस कराएगी टीआईपी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। लिफ्ट के बहाने ईको वैन में बैठाकर महिला से सामूहिक दुष्कर्म मामले में शनिवार शाम पीड़िता के चेहरे की सर्जरी हुई। वो अभी निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती है और उसका इलाज चल रहा है। वहीं मामले में अलग-अलग लोगों के पीड़िता से मिलने निजी अस्पताल पहुंचने को लेकर पुलिस ने यहां सुरक्षा तैनात की है और परिवार के अलावा अन्य लोगों को पीड़िता से मिलने नहीं दिया जा रहा है। इसको लेकर शनिवार को कुछ लोगों ने निजी अस्पताल पहुंचकर विरोध भी जताया। पीड़िता की हालत बेहतर होने पर पुलिस उसे नीमका जेल ले जाकर आरोपियों की टीआईपी भी कराएगी।
मामले में हरियाणा महिला आयोग की भूमिका भी सामने आई है। आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने बताया कि वो बीते दो दिन से पीड़िता और निजी अस्पताल प्रबंधन के संपर्क में हैं और उसकी स्थिति की अपडेट ले रही हैं। उन्होंने कहा कि निजी अस्पताल के डॉक्टर को भी कहा गया है कि पीड़िता गरीब परिवार से है, तो इलाज के खर्च का बिल कम से कम बनाया जाए। इसके साथ की उन्होंने पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता से भी कॉल पर बात कर पूरे मामले की जानकारी ली और रिपोर्ट मांगी है। रेणु भाटिया ने बताया कि सोमवार तक पुलिस आयोग को रिपोर्ट सौंपेगी।
सामूहिक दुष्कर्म की ये वारदात 29 दिसंबर की देर रात को हुई। महिला अपनी मां से गुस्सा होकर अपनी सहेली से मिलकर लौट रही थी। सड़क किनारे खड़ी होकर वो सवारी वाहन का इंतजार कर रही थी। तभी ईको वैन सवार दो युवकों ने लिफ्ट के बहाने उसे गाड़ी में बैठाकर और बातचीत कर उसका दुख-दर्द जाना। महिला ने बताया कि वो पति से अलग बच्चों के साथ रहती है। इस पर आरोपियों ने उसे 600 रुपये यूपीआई से ट्रांसफर भी किए और फिर जबरन वैन को लॉक कर पीड़िता का मोबाइल छीन उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बाद में उसे चलती कार से फेंककर आरोपी भाग गए। चलती वैन से फेंकने के चलते पीड़िता को काफी चोट लगी और चेहरे पर 10 से अधिक टांके आए। कोतवाली थाना में 30 दिसंबर को एफआईआर दर्ज कर उसी रात दोनों आरोपियों को काबू कर ईको वैन बरामद कर ली गई। ये वैन एंबुलेंस के तौर पर प्रयोग की जा रही थी और निजी अस्पताल में चल रही थी। पीड़िता का अब भी इलाज चल रहा है।