फरीदाबाद। सरकारी कॉलेजों में स्वीकृत सीट पर बेहद कम संख्या में दाखिले वाले कोर्स को उच्च शिक्षा विभाग ने बंद करने का निर्णय लिया है। प्रदेश के 38 कॉलेजों के विभिन्न कोर्स का चुनाव कर सूचना जारी कर दी गई है। अगले साल तक चिन्हित सभी कोर्स की पढ़ाई बंद करा दी जाएगी। इसमें फरीदाबाद-गुरुग्राम सहित प्रदेश के करीब हर जिले से कॉलेज चुने गए हैं।
निदेशालय की ओर से जारी पत्र में लिखा गया है कि स्वीकृत सीटों के मुकाबले कुछ कोर्स में इस बार बेहद कम संख्या में दाखिले हुए हैं। चूंकि इस वर्ष दाखिले कर लिए गए हैं। कॉलेज ने इस संबंध में सभी जानकारी व स्वीकृति हासिल कर ली है। अगले सत्र में नए दाखिलों को रोकने के लिए सूचना दे दी गई है। इस संबंध में प्रदेश के 38 कॉलेजों का चुनाव किया गया है। फरीदाबाद के राजकीय कॉलेज में कैमिस्ट्री (रसायन शास्त्र) ऑनर्स के मात्र दस विद्यार्थी होने के कारण कोर्स बंद करने का फैसला लिया गया है।
वहीं अंबाला (कैंट) और नारायण के राजकीय कॉलेजो में 14 और आठ विद्यार्थी होने के कारण संगीत (म्यूजिक) का कोर्स बंद किया जाएगा। गुरुग्राम के दो कॉलेजों फरुखानगर और ऋतोज में गणित के कोर्स बंद होंगे। साथ ही करनाल के चार कॉलेजों में क्रमश: दो में गणित और बाकी दो में संस्कृत और पंजाबी की शिक्षा नहीं दी जाएगी। इसी तरह अलग-अलग कॉलेजों में विद्यार्थियों की संख्या अनुसार कुछ कोर्स की पढ़ाई खत्म कर दी जाएगी। उच्च शिक्षा नोडल अधिकारी प्रीता कौशिक ने बताया कि निदेशालय से कुछ कोर्स की पढ़ाई अगले साल से खत्म करने की सूचना मिली है। अगले शैक्षणिक सत्र में निर्देश के आधार पर काम किया जाएगा।