-मृतक को चारपाई से बांधकर सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला करके की निर्मम हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पुलिस ने गांव बाजड़ी उत्तम नगर में हुए डेरी संचालक के ब्लाइंड मर्डर केस का बुधवार को खुलासा किया। आरोपी ने साथियों संग मिलकर मृतक को चारपाई से बांधकर सिर पर पत्थरों से हमला करके निर्मम हत्या की थी। पुलिस के अनुसार दोनों एक पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में डीजे पर डांस करने के बाबत दोनों में कहासुनी हो गई, जो झगड़े में बदल गई। इसी रंजिश में आरोपी ने डेयरी संचालक की हत्या कर दी। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया और पांच दिन की रिमांड पर लिया है। अन्य की तलाश जारी है।
एसीपी क्राइम सुरेंद्र श्योराण ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि वह मूल रूप से गुरुग्राम के दमदमा गांव निवासी कृष्ण डबुआ कॉलोनी में रहता है। सूचना मिली थी कि आरोपी लकड़पुर फाटक के पास घूम रहा है। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम गठित की गई है। टीम ने जाल बिछाकर आरोपी कृष्ण को लक्कड़पुर फाटक के पास से धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर 6/7 अप्रैल की रात को गांव बाजड़ी के पास उत्तम नगर में डेरी में रहने वाले सुनील की चारपाई से बांधकर सिर पर पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला करके निर्मम हत्या कर दी थी।
दोस्त ने ली दोस्त की जान
आरोपी और मृतक एक दूसरे के दोस्त थे। दोनों एक पार्टी में शामिल हुए थे। पार्टी में डांस करने के दौरान मृतक द्वारा की गई टिप्पणी पर कहासुनी हो गई, जो झगड़े में बदल गई। बाद में मृतक अपने प्लॉट पर चला गया। इसके बाद आरोपी अपने साथियों संग मृतक के घर गया और वहां उसकी हत्या कर दी। आरोपियों के खिलाफ डबुआ थाने में हत्या की धारा में मामला दर्ज है। क्राइम ब्रांच टीम ने आरोपी को अदालत में पेश कर मामले में पूछताछ के लिए पांच दिन की रिमांड पर लिया है। अन्य साथियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।