- तीन सगे भाइयों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। दोस्त की हरकत से आहत बीकॉम के छात्र ने सुसाइड किया था। इस मामले में पुलिस ने तीन सगे भाइयों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज किया है। छांयसा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना छांयसा प्रभारी महेंद्र पाठक ने बताया करीब तीन-चार दिन पहले गांव में ही कुछ युवक एक घर में घुस गए और एक किशोरी के साथ छेड़छाड़ की थी। पीड़ित पक्ष ने थाने में शिकायत देने की बजाय गांव में ही पंचायती तौर पर बात रखी और माफीनामे के बाद दोनों पक्षों में समझौता हो गया था। पीडिि़ता का भाई समझौते से खुश नहीं था। उसे लगातार एक बात परेशान कर रही थी कि उसके दोस्त ने ही उसकी बहन के साथ छेड़छाड़ की घटना को अंजाम दिया। आहत युवक ने बृहस्पतिवार को जहरीला पदार्थ निगलकर जान दे दी थी। घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिस को मामले से अवगत कराया। आरोप है कि समझौते के बाद मुख्य आरोपी आकाश के भाई ने मृतक को जान से मारने की धमकी दी थी। दोस्त की लगातार हरकतों से युवक मानसिक रूप से परेशान था। मृतक की उम्र 24 साल थी और वह बीकॉम का छात्र था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक के एक भाई और दो बहनें हैं।
क्या है पूरा मामला-
23 मई दोपहर को पड़ोस में रहने वाला आकाश मृतक के घर में घुस आया और छोटी बहन (17 वर्ष ) का हाथ पकड़ कर घर के अंदर खींचने लगा। किशोरी ने समय रहते शोर मचा दिया और आकाश भाग गया। घटना के समय किशोरी घर पर अकेली थी। परिवार के लोगों के घर आने पर किशोरी ने आप बीती बता दी। इस बात को लेकर आरोपी व पीड़ित परिवार को बीच काफी कहासुनी हुई। पीड़ित परिवार का दावा है कि उन्होंने मामले के बारे में पुलिस को सूचित किया था , लेकिन लिखित शिकायत नहीं दी थी। इधर गांव में पंचायत का आयोजन कर मामले पर माफीनामे की बात की गई। आरोप है कि पंचायत में आकाश के भाई राकेश व महावीर ने पीड़ित परिवार को धमकी दी कि फैसला नहीं करने पर पीड़िता के भाई को जान से मार दिया जाएगा। अगले दिन छात्र ने घर पर कोई जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन फानन में उसे सेक्टर 8 स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उपचार के दौरान युवक की मौत हो गई। थाना छायंसा प्रभारी महेंद्र पाठक का कहना है पुलिस ने तीन सगे भाइयों आकाश, राकेश और महावीर के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने सहित कई धाराओं में केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।