अलग-अलग बहाने से की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 9 लोगों से 20.58 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में 18 साल की युवती भी है। आरोपियों ने शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे, क्रेडिट कार्ड बनाने, कीमती उपहार भेजने, टेलीग्राम टास्क, परिचित बनकर आदि अन्य बहानों से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सभी 9 मामलों में साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-16 निवासी योगेश कुमार ने दी है। इनका कहना है कि 5 अगस्त से 29 सितंबर के दौरान शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 762110 रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने रिफंड ही नहीं दिया।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-34 निवासी बुजुर्ग बनवारी लाल ने दी है। इनका कहना है कि साइबर ठगों ने 14 जून को संपर्क किया। आरोपियों ने कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर संपर्क किया और मोबाइल में एप डाउनलोड कराकर डेबिट कार्ड की डिटेल ली। बाद में खाते से 257598 रुपये ट्रांसफर कर लिए।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत तिलपत इलाके के रहने वाले शिब्बू ने दी है। इनका कहना है कि 19 सितंबर को ठग ने परिचित बनकर धोखे से 45 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए। बाद में ठगी का अहसास हुआ तो मामला पुलिस तक पहुंचा।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत मोहबताबाद निवासी युवक उमेश ने दी है। युवक ने आरोप लगाया कि 1 मई से 26 जुलाई के दौरान मोबाइल में मौजूद कार एप हैक कर ठगों ने 67406 रुपये ठग लिए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत पाली इलाके के रहने वाले निशांत ने दी है। युवक का आरोप है कि 10 अक्टूबर को टेलीग्राम पर प्रीपेड टास्क में निवेश पर कमाई का झांसा देकर 175470 रुपये ठग लिए गए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत जवाहर कॉलोनी निवासी प्रांजल ने दी है। युवक का आरोप है कि 3 सितंबर को ठग ने बैंककर्मी बनकर संपर्क किया। आरोपी ने बहाने से क्रेडिट कार्ड की डिटेल लेकर 93958 रुपये की ट्रांजेक्शन कर ली।
सातवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत दयालपुर निवासी जसबीर सिंह ने दी है। इनका कहना है कि 4 जनवरी से 31 जुलाई के दौरान निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर इनसे 332800 रुपये ठग लिए गए।
आठवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत बल्लभगढ़ निवासी मनोज कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि 9 अक्टूबर को ठगों ने क्रेडिट कार्ड बनाने का ऑफर दिया। आरोपियों ने मोबाइल पर लिंक भेजा और इसे ओपन कर डिटेल डालने को कहा। बाद में इनके खाते से 1.20 लाख रुपये कट गए।
नौवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सोतई गांव की 18 साल की युवती ने दी है। युवती का कहना है कि 17 से 20 सितंबर के दौरान सोशल मीडिया पर एक युवक से संपर्क हुआ। उसने शादी करने का झांसा दिया और कीमती उपहार भेजने के नाम पर 204200 रुपये ठग लिए।