आरोपियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर की ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज की गई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 6.64 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में दो बुजुर्ग और बाकी महिलाएं शामिल हैं। ठगों ने बीमा पॉलिसी रिफंड, नौकरी दिलाने का झांसा देकर, आईफोन गिफ्ट करने, शादी का झांसा देकर आदि बहानों से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में एफआईआर दर्ज कर टीमों ने जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सेक्टर-10 की रहने वाली महिला ने दी है। महिला का आरोप है कि 8 नवंबर को ठगों ने एलआईसी कर्मचारी बनकर संपर्क किया। महिला की पॉलिसी का रिफंड देने के नाम पर 18 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सेक्टर-2 निवासी महिला ने दी है। महिला का आरोप है कि 15 से 20 नवंबर के दौरान ठगों ने इनके बैंक खाते से 1.15 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए। इन्हें पता ही नहीं चला कि खाते से निकासी कैसे की गई।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत तिलपत इलाके की रहने वाली 21 साल की युवती ने दी है। युवती का कहना है कि 12 से 21 नवंबर के दौरान ठगों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर संपर्क किया। फिर अलग-अलग चार्ज बताकर 43800 रुपये ठग लिए गए।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत अशोका एंक्लेव के रहने वाले बुजुर्ग हरीश कुमार ने दी है। इनका आरोप है कि 17 व 18 नवंबर को ठगों ने संपर्क कर कहा कि आपको आईफोन 17 प्रो बतौर गिफ्ट दिया जा रहा है। आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस व डिलीवरी चार्ज के नाम पर 137250 रुपये ठग लिए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत ग्रीन फील्ड कॉलोनी के रहने वाले बुजुर्ग रणजीत कुमार ने दी है। आरोप है कि 18 नवंबर को ठगों ने बैंक के एटीएम डिपार्टमेंट का कर्मचारी बताकर संपर्क किया। गिरफ्तार कर डर दिखाकर बुजुर्ग से 2.10 लाख रुपये ठग लिए गए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत ग्रीन फील्ड कॉलोनी की रहने वाली महिला ने दी है। महिला का आरोप है कि 13 से 19 नवंबर के दौरान ठग ने मेट्रीमोनियल साइट के जरिये उससे संपर्क किया। फिर शादी का झांसा देकर महिला से 1.40 लाख रुपये ठग लिए गए।