अलग-अलग बहाने बनाकर की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 55.76 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। ठगों ने शेयर बाजार में निवेश पर मुनाफा दिलाने, बीमा पॉलिसी शिफ्ट करने, परिचित बनकर समेत अन्य बहानों से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-82 के रहने वाले संदीप ने दी है। इनका कहना है कि 18 नवंबर को इन्हें व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। ग्रुप में शेयर बाजार में निवेश की जानकारी देकर इन्हें भी निवेश के लिए कहा गया। आरोपियों की बातों में आकर शिकायतकर्ता ने भी 5363290 रुपये निवेश कर दिए लेकिन बाद में रिफंड नहीं मिला तो साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई गई। आरोप है कि 18 नवंबर से 13 जनवरी के दौरान ठगों ने ये निवेश कराया।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-19 की रहने वाली 37 साल की महिला ने दी है। महिला के अनुसार इन्होंने टेलीग्राम पर होटल रिव्यू कर रुपये कमाने का चैनल देखा और ये भी उसमें जुड़ गई। फिर इन्हें कुछ टास्क देकर निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 29 व 30 दिसंबर को 93 हजार रुपये निवेश करा लिए लेकिन रिफंड नहीं दिया।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत संजय कॉलोनी के रहने वाले राजू ने दी है। इनका कहना है कि 30 दिसंबर को इनके खाते से 25822 रुपये कट गए। ट्रांजेक्शन को लेकर इनके पास न तो मैसेज और न ही कॉल या ओटीपी आया।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत एसजीएम नगर के रहने वाले पंकज ने दी है। इनका आरोप है कि 28 दिसंबर इनका भाई बनकर ठग ने मैसेज व्हाट्सएप पर किया। ठग ने कहा कि जिस एजेंट के जरिये मैं विदेश जा रहा था, उसने मुझे एयरपोर्ट पर पकड़ लिया और पासपोर्ट जब्त कर लिया है। छोड़ने के नाम पर 40 हजार रुपये ठग लिए गए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत आईएमटी इलाके के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। इनका कहना है कि 19 नवंबर को इन्हें एक नंबर से कॉल आई और आरोपी ने खुद को बीमा कंपनी का कर्मचारी बताया। आरोपी ने शिकायतकर्ता की मां की अन्य कंपनी में चल रही पॉलिसी को इनकी कंपनी में शिफ्ट करने पर मुनाफे की बात कही। इस बहाने से ठग ले 22539 रुपये ट्रांसफर करा लिए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत बल्लभगढ़ की निजी कंपनी में नौकरी करने वाली महिला ने दी है। महिला के अनुसार 8 नवंबर को इनके नंबर पर एक कॉल आई जो इनके बेटे ने रिसीव की। कॉल करने वाले ने कहा कि आपके खाते में गलती से 35 हजार रुपये डाल दिए हैं, वो वापस कर दो। महिला के मोबाइल पर 35 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन का मैसेज भी आया। महिला के बेटे ने झांसे में आकर 32 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का पता चला तो मामला पुलिस तक पहुंचा।