अलग-अलग बहाने बनाकर की गई ठगी
साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में दर्ज की गई एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 25.34 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में एक महिला भी शामिल है। ठगों ने गैस कनेक्शन काटने, कंपनी में निवेश, टेलीग्राम टास्क, शेयर बाजार व आईपीओ में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर आदि बहानों से ये ठगी की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामलों में जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सेक्टर-10 के रहने वाले अभिनव ने दी है। इनका आरोप है कि 10 जनवरी को अदानी गैस कंपनी के नाम पर ठग ने मैसेज भेजा। इसमें लिखा था कि बिल अपडेट न करने पर गैस कनेक्शन काट दिया जाएगा। मैसेज में दिए गए नंबर पर संपर्क किया तो आरोपी ने व्हाट्सएप पर लिंक भेजकर 10 रुपये की पेमेंट करने को कहा। ठगी ने धोखे से 71539 रुपये ठग लिए।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत भाटिया कॉलोनी की रहने वाली महिला ने दी है। महिला के अनुसार शेयर बाजार के बारे में सीखने के लिए ऑनलाइन सर्च किया था। वहां मिले लिंक पर क्लिक किया तो ये एक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ गई। बाद में आरोपी शेयर व आईपीओ में निवेश कराने लगे और 97 हजार रुपये निवेश कराकर रिफंड नहीं दिया।
तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत तिलपत इलाके के रहने वाले बलराम सिंह ने दी है। 19 दिसंबर को ठग ने इन्हें व्हाट्सएप मैसेज भेजकर इंटरनेशनल कंपनी पोसमार्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा दिया। आरोपी ने 21 दिसंबर से 10 जनवरी तक 463763 रुपये निवेश करा लिए लेकिन रिफंड नहीं दिया।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत भूपानी इलाके के रहने वाले संदीप ने दी है। आरोप है कि 7 जनवरी को इनके मोबाइल पर मैसेज में एक लिंक आया। लिंक खोला तो इनका मोबाइल हैक हो गया और इनके खाते से 1.85 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सारन इलाके के रहने वाले व्यक्ति ने दी है। आरोप है कि 26 दिसंबर को इनके मोबाइल पर आए मैसेज को देखने पर एपीके फाइल डाउनलोड हो गई। बाद में इनके बैंक खाते से 9 ट्रांजेक्शन में 575570 रुपये ट्रांसफर कर लिए गए।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत एनआईटी इलाके के रहने वाले सतपाल ने दी है। इनका आरोप है कि 12 सितंबर को इन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ लिया गया। ठगों ने आईपीओ व म्यूचुअल फंड में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 11.42 लाख रुपये निवेश करा लिए लेकिन रिफंड के दौरान और रुपये जमा करने को कहने लगे।